शुक्रवार, अगस्त 20, 2010

शहर की सता भाजपा को सौंपी


बिरदीचंद सांखला नपा अध्यक्ष निर्वाचित
2515 मतों से जीते
भाजपा के 16, कांग्रेस के 14 तथा 10 निर्दलीय पार्षद बने
जीत के जुलूस निकले, पुष्पवर्षा की, गुलाल उछाली, जिन्दाबाद के नारों से गूंजा शहर, गली गली में जश्न

नागौर 20 अगस्त। नगरपालिका चुनावों की मतगणना होने के साथ ही सभी परिणाम शहरवासियों के सामने आ गए। गत 9 अगस्त को चैयरमेन पद के लिए 5 प्रत्याशियों की सूची जारी की गई तो दैनिक नागौर की आवाज ने त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति के शीर्षक से खबर छापी थी। 12 दिनों तक लगातार यह त्रिकोणीय संघर्ष की स्थिति प्रत्येक नागरिक के जेहन में बनी रही। आज जब अध्यक्ष पद के लिए मतगणना शुरू हुई तो प्रथम राउण्ड में ही भाजपा लीड लेने लगी जो लगातार पांचवे राउण्ड तक कायम रही। अंतिम परिणाम में भाजपा ने विजयश्री हासिल की और बिरदीचंद सांखला नगरपालिका के अध्यक्ष निर्वाचित घोषित कर दिए गए। उनके प्रतिद्वन्दी निर्दलीय चांद मोहम्मद ने 13659 मत प्राप्त कर दूसरा स्थान लिया और कांग्रेस के कृपाराम सोलंकी 10 हजार 358 मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे। प्रत्याशियों की सूची घोषित होते ही आम जनता कांग्रेस को तीसरे स्थान पर मान रही थी जो आज परिणाम आने पर भी सच निकला। उधर चांद मोहम्मद केवल मुस्लिम वोटों के बल पर अपनी जीत मान रहे थे। उनको भी भाजपा ने शिकस्त दे दी। भाजपा के बिरदीचंद पूर्व में एक बार चैयरमेन के पद के नजदीक पंहुचने के बाद लाॅटरी निकलने के कारण वंचित रह गए थे। मगर आज उनके भाग्य ने साथ दिया और वे नगरपालिका के अध्यक्ष बन गए। भाजपा कार्यकर्ताओं तथा एडवोकेट बिरदीचंद सांखला के समर्थकों में इस अवसर पर अपार खुशी देखी गई। सबके चेहरे खिल गए। सभी ने खूब जमकर हनुमान बेनिवाल जिंदाबाद के नारे लगाए। खींवसर विधायक श्री बेनिवाल को लोगों ने कंधों पर उठाकर खुशी का इजहार किया। फूलमालाओं से लाद दिया। बिरदीचंद सांखला तथा हनुमान बेनिवाल दोनों का एक साथ जुलूस निकाला गया। भाजपा कार्यकर्ताओं की बांछे खिल गई। प्रदेश में कांग्रेस की सता और शहर में भाजपा की सता आने से भाजपा के कार्यकर्ताओं में अतिउत्साह नजर आया। परिणाम से संतुष्ट नागरिकों ने शहर के लिए भाजपा की जीत को उचित ठहराया। इसके साथ ही भाजपा के 16 पार्षद भी जीते। वे भी खुशी के जुलूस में शामिल हुए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें