गुरुवार, सितंबर 02, 2010

गुरु जम्भेश्वर एक महान पर्यावरण वैज्ञानिक और साक्षात भगवान विष्णु के अवतार थे-कुलपति रंगा

हिसार 2 सितम्बर। गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में बिश्रोई समाज के प्रवर्तक एवं पर्यावरणविद गुरु जम्भेश्वरजी भगवान का 560वां जन्म दिवस को धूम-धाम से मनाया गया। इस अवसर पर विवि में हवन किया गया। इस मौके पर समारोह को संबोधित करते हुए विवि के कुलपति डॉ. मुन्नीलाल रंगा ने बताया कि गुरु जम्भेश्वर एक महान पर्यावरण वैज्ञानिक और साक्षात भगवान विष्णु के अवतार थे। उन्होंने 29 धर्म नियमों की स्थापना करके सम्पूर्ण विश्व को अंहिसा, विश्व शांति, सामाजिक सद्भावना और सह-अस्तित्व के पथ पर चलने की प्रेरणा दी है। उन्होंने श्रेष्ठ मानव निर्माण के सिद्धान्तों और उपदेशों पर चलने की शिक्षा दी है जिससे समस्त विश्व को संस्कारवान और दीर्घजीवी बनाया जा सकता है। कुलसचिव प्रो. आर.एस. जागलान ने बताया है कि गुरु जंभेश्वर भगवान ने अपने कार्यो, सिद्धान्तों, उपदेशों तथा संदेशों द्वारा मिथ्याचारों, पाखंडों, कुसंस्कारों, अंधविश्वासों एवं रूढ़ीवादी विचारों पर प्रहार करके स्वस्थ एवं समृद्ध, सांस्कृतिक, धार्मिक और मानवीय परम्पराओं और जीवन मूल्यों को स्थापित करके लोक मंगल, लोक कल्याण तथा आत्म-उत्थान का मार्ग बतलाया है। गुरू जंभेश्वर जी महाराज धार्मिक अध्ययन संस्थान के सहायक प्रोफेसर एवं प्रभारी डा. किशनाराम बिश्नोई ने कहा कि भगवान विष्णु के अवतार गुरू जम्भेश्वर जी एक महान धर्म-संस्थापक, क्रान्तिदर्शी समाज सुधारक, प्रकृति के प्रहरी और मानवता के पुजारी थे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी एवं शहर के गणमान्य व्यक्ति एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।