शनिवार, जून 05, 2010

पर्यावरण संतुलन के लिए जन भागीदारी आवश्यक विषयक संगोष्ठी आयोजित

नागौर, 5 जून। जिला कलक्टर डाॅ0 समित शर्मा ने कहा कि प्रकृति के संतुलन को बनाये रखने के लिए अधिकाधिक पेड़-पौधे लगाये तथा पेड़ पौधों से ही पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाया जा सकता है। जिला कलक्टर आज विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला मुख्यालय स्थित नेहरू उद्यान में ’’पर्यावरण संरक्षण के लिए जन भागीदारी आवश्यक’’ विषयक विचार गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए सम्बोधित कर रहे थे।
जिला कलक्टर ने कहा कि पेड़-पौधे, तालाब-सरोवरों की हमारे देश में आदि काल से पूजा होती आ रही है। पेड़ नहीं होंगे तो मनुष्य का जीवन भी नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि प्राणवायु आॅक्सीजन के रूपमें पेड़ों से प्राप्त होती है, पेड़ व जंगल को बचाने के लिए जन भागीदारी महत्वपूर्ण है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री के. एम. दूड़िया ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, स्वयं सेवी संस्थाओं, जन प्रतिनिधियों सहित आम जन द्वारा किये गये सामूहिक श्रमदान के प्रति साधुवाद ज्ञापित करते हुए कहाकि हमें धरती, जल, वायु को प्रदूषण से बचाना होगा तभी पर्यावरण शुद्ध रह पायेगा। उन्होंने अधिकाधिक वृक्षारोपण करने की आवश्यकता पर बल दिया। उपखण्ड अधिकारी श्री विजयसिंह नाहटा ने पर्यावरण संतुलन को बनाये रखने के लिए जन सहभागिता आवश्यक बताते हुए पेड़-पौधों के उचित संरक्षण पर बल दिया। अखिल भारतीय बिश्नोई जीव-रक्षा समिति के जिला अध्यक्ष श्री रामरतन बिश्नोई ने कहा कि व्यक्ति भोजन व पानी के बिना कुछ समय तक जीवित रह सकता है, लेकिन वायु के बिना एक पल भी जीवित नहीं रह सकता। प्राण वायु आॅक्सीजन हमें पेड़ों से ही मिलती है तथा जहां अधिक पेड़-पौधे होते हैं वहीं इन्द्रदेव मेहरबान रहते हैं। उन्होंने पर्यावरण की शुद्धता के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताया।
जिला कलक्टर ने दिलाया संकल्प
जिला कलक्टर ने संगोष्ठी के आरम्भ में उपस्थित जन समुदाय कोे पर्यावरण संतुलन में पूर्ण योगदान देने, नशीले पदार्थो का सेवन नहीं करने तथा दूसरों को इस सम्बन्ध में पे्ररित करने, पाॅलिथीन थैलियों का उपयोग नहीं करने, निरीह पशु-पक्षियों एवं वन्य जीवों के प्रति दया भाव रखते हुए अभावग्रस्त जीवों के लिए चुग्गा, चारा व पानी उपलब्ध करवाकर सेवा करने तथा वर्षा ऋतु में कम से कम एक व्यक्ति-एक पौधा लगाकर उसे पेड़ बनने तक सार-सम्भाल करने का सामूहिक रूपसे संकल्प दिलाया।
भविष्य और एक संकल्प पुस्तिका तथा पर्यावरण फोल्डर का जिला कलक्टर ने किया विमोचन
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष में आयोजित संगोष्ठी के दौरान जिला कलक्टर ने ताऊसर निवासी राजाराम टाक द्वारा लिखित पर्यावरण विषयक ’’भविष्य और एक संकल्प’’ पुस्तिका का विमोचन किया तथा लेखक द्वारा लिखित इस पुंिस्तका को आम पाठकों के लिए उपयोगी बताया। उन्होंने पर्यावरण पें्रमी श्री हिमताराम भाम्भू के पर्यावरण फोल्डर का भी विमोचन किया।
आगे आये भामाशाह
जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित ’’गांधी बाल वाटिका’’ निर्माण में सहयोग देने के लिए भामाशाह आगे आये। पर्यावरण संगोष्ठी के दौरान भारत विकास परिषद द्वारा वाटिका में एक वाटर कूलर और आर0ओ0 प्लान्ट लगाने की घोषणा की। इस अवसर पर महावीर इन्टरनेशनल के अध्यक्ष श्री अनिल बांठिया ने भी वाटिका के लिए वाटर कूलर तथा आर0ओ0 प्लांट लगाने की स्वच्छा से सहमति व्यक्त की। नागौर विकास समिति के अध्यक्ष श्री देवकिशन राठी ने गांधी बाल वाटिका में बनाई जाने वाली पशु ’’आरोग्य वाटिका’’ में पशुओं के लिए आवश्यक दवाईयां, उपकरण आदि उपलब्ध कराने की जहां घोषणा की वहीं नागौर स्थित महावीर गौशाला के प्रबन्धक श्री बलदेव सांखला ने पशु आरोग्य वाटिका में बीमार पशुओं का समुचित इलाज करवाने का जिम्मा लिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें